Sunday, 8 April 2018

काला हिरण शिकार मामले में जोधपुर की सेशंस कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बॉलीवुड स्टार सलमान खान शनिवार को रिहा हो गए। सलमान रात करीब 8.30 बजे मुंबई स्थित अपने घर पहुंच गए। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद उनके फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। बता दें कि गुरुवार को जोधपुर की निचली अदालत ने सलमान को पांच साल की कैद की सजा और दस हजार रुपये के जुर्माने की सुजा सुनाई थी, जिसके बाद उन्हें दो रात जेल में बितानी पड़ी। उनके वकीलों ने सेशंस कोर्ट में गुरुवार को ही जमानत के लिए याचिका दायर कर दी थी। जिसपर शुक्रवार को दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें दी। दलीलें सुनने के बाद जज रवींद्र कुमार खत्री ने शनिवार सुबह 10:30 बजे अपना फैसला देने की बात कही। शनिवार सुबह भी दोनों तरफ से दलीलें दी गईं और जज ने लंच के बाद फैसला सुनाने का आदेश दिया। दोपहर तीन बजे जज ने फैसला सुनाते हुए सलमान खान को 50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दे दी है। गौरतलब है कि गुरुवार को जेल में सलमान को कैदी संख्या 106 नंबर दिया गया। जोधपुर की सेंट्रल जेल में उन्हें जेलर के कमरे के पास बनी एक सेल में रखा गया है। इसे व्यक्तिगत सेल माना जाता है।